Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगरा: नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट में देखा गया, महिलाओं का हुआ सम्मान


आगरा। नारी शक्ति वंदन सम्मेलन के तहत विज्ञान भवन से नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में देखा व सुना गया। इस अवसर पर जनपद की महिला ग्राम प्रधानों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, महिला अधिकारियों व कार्मिकों की उपस्थिति रही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 21वीं सदी का ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए कहा कि इससे पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी और सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मिशन इंद्रधनुष, सुकन्या समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना प्रमुख हैं।

उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में बढ़ रही है। आज महिलाएं फाइटर पायलट बन रही हैं, विज्ञान और शोध के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं तथा स्टार्टअप और उद्यमिता में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से करोड़ों महिलाएं जुड़ चुकी हैं और “लोकल फॉर वोकल” अभियान को आगे बढ़ा रही हैं।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत बमरौली कटारा की ग्राम प्रधान मधु राणा, राजरई की मंजू तिवारी, रोहता की मुन्नी देवी, धमौटा की उर्मिला देवी तथा इस्लामपुर की ऊषा देवी सहित विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित महिलाओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लाभ एवं प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए रेनू कुमारी, उपनिदेशक बाल विकास श्रुति शुक्ला, जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज मौर्य, वर्तिका दीक्षित सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |