पीलीभीत। शासन के निर्देशानुसार जनपद में जिला स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ बुधवार को मरौरी ब्लॉक स्थित जूनियर हाई स्कूल टाह पौटा से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का रोली-अक्षत से तिलक कर, माला पहनाकर और निशुल्क पाठ्य-पुस्तकें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को भव्य और उत्सव जैसा स्वरूप दिया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
नवप्रवेशित विद्यार्थियों में कक्षा छह की खुशबू, ऋषभ, अरविंद, कक्षा सात की ईशा, सुमित, गजेंद्र तथा कक्षा आठ की अंजू, शशि, मोहित सहित कई बच्चों के चेहरे सम्मान और निःशुल्क पुस्तकें पाकर खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, इसे जो पिएगा वह दहाड़ेगा।” उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना न तो समाज का विकास संभव है और न ही परिवार का। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और आगे बढ़कर प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक या जनप्रतिनिधि बनकर समाज की सेवा करें।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कोई भी बच्चा बुनियादी शिक्षा से वंचित न रहे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे स्कूल न जाने वाले बच्चों को प्रेरित कर उनका नामांकन सुनिश्चित कराएं, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ हर बच्चे तक पहुंच सके।
कार्यक्रम के पश्चात ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली की अगुवाई जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने की। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं “पढ़ी-लिखी लड़की, रोशनी घर की”, “पढ़ेंगे-पढ़ाएंगे, रोज स्कूल आएंगे” और “आधी रोटी खाएंगे, अपने बच्चे जरूर पढ़ाएंगे” जैसे नारों के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता फैला रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर मिड-डे मील का भी आनंद लिया। मिड-डे मील में स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए, जिससे बच्चों में खुशी का माहौल रहा।
अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक शिक्षक का दायित्व है कि वह अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करे कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करें और बच्चों के नामांकन को प्राथमिकता दें।
इस अवसर पर जिला समन्वयक राकेश पटेल, मनीष श्रीवास्तव, सचिन चैधरी, जितेंद्र चैधरी, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, अजय कुमार, के.के. सागर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
