पिस्टल के दम पर शख्स ने जाम से निकलवाई गाड़ी, लखनऊ में खुलेआम गुंडागर्दी
April 05, 2026
यूपी की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां दिनदहाड़े सड़क गुंडई देखने को मिली। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक को पिस्तौल के दम पर जाम से गाड़ी निकलवाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में युवक के हाथ में पिस्तौल साफ-साफ देखी जा सकती है। इस दौरान युवक सड़क पर हाथ में पिस्टल लेकर टहलता दिखा। पूरी घटना लखनऊ के थाना सहादतगंज क्षेत्र के रज्जबगंज रोड का बताया जा रहा है। फिलहाल घटना के बाद पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी है।
दरअसल, लखनऊ में ट्रैफिक में फंसे एक व्यक्ति के द्वारा पिस्तौल के दम पर जाम में से जबरदस्ती रास्ता बनाने का मामला सामने आया है। यह घटना सहादतगंज थाना क्षेत्र के रज्जबगंज रोड की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति को खुलेआम पिस्तौल पकड़े सड़क पर चलते देखा गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह ट्रैफिक को हटाने और अपनी गाड़ी को आगे बढ़ाने के लिए हथियार का इस्तेमाल करते हुए दिख रहा है। फिलहाल लखनऊ पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी आरोपी की पहचान करने में जुटे हैं।
एक अन्य घटना में शिमला के पास मटियाना में भी ऐसा ही वाकया देखने को मिला। यहां नेशनल हाईवे-5 पर ओवरटेक करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते एक शख्स ने पिस्टल जैसी वस्तु निकाल ली, जिससे हड़कंप मच गया। इस विवाद को लेकर उत्तर प्रदेश के दो पर्यटकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने कथित तौर पर एक स्थानीय व्यक्ति पर हमला किया और स्थिति तब और बिगड़ गई जब उन्होंने पिस्तौल जैसी दिखने वाली किसी चीज से लोगों को धमकाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने बाद में स्पष्ट किया कि वह वस्तु वास्तव में बंदूक जैसी दिखने वाली लाइटर थी।
