हाथरस । सासनी के गांव छौंड़ा गड़ाऊआ में एक किसान की दो बीघा गेहूं की फसल ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण जलकर राख हो गई।
मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार, मुकुंद खेड़ा मार्ग पर स्थित किसान मोनू कुमार पुत्र मदन लाल के खेत हैं। मोनू ने बताया कि खेत के पास में लगे ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर की केबल में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे निकली चिंगारियों ने खेत में खड़ी सूखी गेहूं की फसल को तुरंत अपनी चपेट में ले लिया।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब छह बीघा के चक में से दो बीघा फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। हालांकि, आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों और ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे शेष फसल को जलने से बचा लिया गया।
पीड़ित किसान मोनू कुमार ने बताया कि इस अग्निकांड में उन्हें करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर लेखपाल मौसीन खां ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और नुकसान का आकलन किया।
किसान ने प्रशासन से जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।
