बीसलपुर। क्षेत्र के करेली गांव में पारिवारिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पुत्रों और पुत्रवधू द्वारा अपने ही माता-पिता के साथ मारपीट कर उन्हें घर से निकाल देने का आरोप लगा है। पीड़ित बुजुर्ग दंपति ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
गांव करेली निवासी रामचन्द्र मौर्य पुत्र सीताराम ने थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके दो पुत्रों की शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्र अविवाहित है। आरोप है कि उनके दो पुत्रों और एक पुत्रवधू ने मिलकर उनके साथ और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की और जबरन घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने दोबारा घर में प्रवेश करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद बुजुर्ग दंपति भयभीत हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। पीड़ित रामचन्द्र मौर्य ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)