आगरा । उत्तर प्रदेश सरकार के स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत बच्चों के लिए विद्यालय वातावरण को सुगम एवं सरल बनाने के उद्देश्य से कंपोजिट विद्यालय सुभाष पार्क में शिक्षा चैपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आरबीएस बीएड कॉलेज के विभाग प्रमुख डॉ. बसंत बहादुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय पार्षद बद्री प्रसाद माहौर, सहयोगी पार्षद श्रीराम धाकड़, एआरपी नगेंद्र उपाध्याय एवं कर्ण सिंह धाकड़ मौजूद रहे। इस अवसर पर लगभग 50 अभिभावक माताओं की सहभागिता रही, जिन्होंने शिक्षा के महत्व पर चर्चा में सक्रिय भाग लिया।
कार्यक्रम में सहयोगी शिक्षक शिव कुमार शर्मा, वीरेश कुमार, पूनम पुंडीर, स्नेहलता कुलश्रेष्ठ, प्रीति सक्सेना, अलका यादव एवं निधि कुमारी उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाध्यापक अर्चना जाट ने नवप्रवेशित बच्चों का माल्यार्पण कर एवं कॉपी-पेंसिल वितरित कर स्वागत किया।
साथ ही कक्षा 8 उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को ज्योमेट्रिक बॉक्स एवं रजिस्टर प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया।
यह आयोजन शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।
