अमेठीः पत्नी संग डीएम से अनन्त विक्रम सिंह ने की मुलाकात
April 12, 2026
अमेठी। जनपद की मूलभूत समस्याओं के त्वरित निस्तारण और विकास कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से आज युवराज अनन्त विक्रम सिंह और बहुरानी शाम्भवी सिंह ने जिलाधिकारी, अमेठी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान अमेठी की जनता से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और प्रशासन के समक्ष प्रभावी सुझाव रखे गए।युवराज अनन्त विक्रम सिंह ने विशेष रूप से जिले में गैस सिलेंडर की आपूर्ति में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को जिलाधिकारी के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि आम जनता को समय पर गैस न मिलने के कारण हो रही कठिनाइयों को देखते हुए नई गैस एजेंसी खोलने की आवश्यकता है, जिस पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने संग्रामपुर ब्लॉक के तिवारीपुर (करनाईपुर) स्थित पानी की टंकी का मुद्दा भी प्रखरता से उठाया। उन्होंने बताया कि इस टंकी से रानीपुर, तिवारीपुर, सोनारी, शिवपुर, नोनरा और अमटाही जैसे कई गांवों में जलापूर्ति होती थी, लेकिन लंबे समय से मोटर खराब होने के कारण सप्लाई ठप है। पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज के कारण जनता को भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने इस विषय पर जल निगम के अधिकारियों को तत्काल मरम्मत के निर्देश देने का भरोसा दिया।वहीं, बहुरानी शाम्भवी सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है ताकि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को बेहतर इलाज मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत-हरित भारत अभियान के अंतर्गत जनपद को सुंदर और हरा-भरा बनाने के संकल्प को साझा किया।जिलाधिकारी ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का भरोसा दिया। युवराज अनन्त विक्रम सिंह ने कहा हमारा मुख्य उद्देश्य अमेठी की जनता की आवाज को प्रशासन तक पहुँचाना है। गैस आपूर्ति और तिवारीपुर पानी की टंकी जैसी बुनियादी समस्याओं से हो रही असुविधा को लेकर जिलाधिकारी से विस्तृत चर्चा हुई है। इसके साथ-साथ हमने सड़क सुरक्षा पर भी गंभीरता दिखाई है। मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड और अन्य जिला मार्गों के चैराहों पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने की आवश्यकता है ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इसके अलावा, समाज को बेहतर दिशा देने के लिए नशा मुक्ति के विषय पर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है। बहुरानी शाम्भवी सिंह ने कहा एक सशक्त अमेठी के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का बेहतर होना और पर्यावरण का संरक्षण अनिवार्य है। हमने चिकित्सा केंद्रों के बुनियादी ढांचे में सुधार और श्स्वच्छ अमेठी-हरित अमेठीश् के संकल्प को लेकर संवाद किया है। प्रशासन के सहयोग से हमारा प्रयास है कि जनपद का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ और सुरक्षित परिवेश में रहे।
