प्रतापगढः शार्टसर्किट से आगजनी में गेहूं की फसल राख
April 10, 2026
प्रतापगढ़। शार्टसर्किट से हुई आगजनी मे शुक्रवार को चार बीघे से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी। जिले में लालगंज कोतवाली के महिमापुर में सुबह अचानक विद्युत तार के टूटकर गिर जाने से खेत में आग फैल गयी। ग्रामीणों व फायर बिग्रेड की मशक्कत के बावजूद गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। गांव के रमेश तिवारी पुत्र राम सहोदर तथा राजीव शुक्ल व त्रिभुवन नाथ पुत्रगण काशी प्रसाद के चार बीघे की फसल को नुकसान पहुंचा। आग की लपटें देख ग्रामीणों ने काबू पाने का प्रयास किया। फैलाव बढ़ता देख ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। घंटो मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी मिलने पर एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक धर्मराज तथा क्षेत्रीय लेखपाल केके सरोज मौके पर पहुंचे। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि फसल नुकसान को लेकर क्षतिपूर्ति के लिए शीघ्र तहसीलदार को आख्या भेजी जाएगी।
