बलिया। 135वीं जयंती पर जिलेभर में श्रद्धा का माहौल, प्रशासनिक अधिकारियों ने बाबा साहेब को नमन कर सामाजिक न्याय और समरसता के संकल्प को दोहराया
भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को जनपद में श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक चेतना के संदेश के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आपदा विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी डॉ. अम्बेडकर के अद्वितीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डॉ. अम्बेडकर संस्थान पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की एक प्रेरक गाथा है। उन्होंने वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए, वे आज भी मार्गदर्शक हैं। उनके विचार न केवल संविधान की आत्मा हैं, बल्कि आधुनिक भारत के सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने का आधार भी हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में उतारें तथा समाज में समानता, भाईचारा और समरसता को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
