तिलोई: रास्ते के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला! हल्का पुलिस पर विपक्षियों को सरंक्षण और एकपक्षीय कार्यवाही का आरोप
April 07, 2026
तिलोई/अमेठी। तिलोई क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। यह घटना सोमवार रात करीब आठ बजे मोहनगंज कोतवाली अंतर्गत हुई, जब युवक मोहनगंज से असनी स्थित अपने घर लौट रहा था। अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने कल्लू बीर बाबा के पास उस पर हॉकी से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया।पीड़ित की पहचान तिलोई ब्लॉक क्षेत्र के असनी निवासी अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। अखिलेश ने बताया कि वह सोमवार देर शाम तहसील मोड़ स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में घात लगाए बैठे नकाबपोश लोगों ने अचानक उन पर हॉकी से हमला कर दिया और बेरहमी से पिटाई की।घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अखिलेश को तिलोई अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।अखिलेश कुमार ने इस जानलेवा हमले का कारण गांव के रास्ते को लेकर चल रहे पुराने विवाद को बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पुराने विवाद में नामजद विपक्षियों ने ही यह हमला करवाया है। पीड़ित ने स्थानीय पुलिसकर्मियों पर भी विपक्षियों से सांठगांठ का आरोप लगाया है।अखिलेश का कहना है कि यदि पुलिस ने पहले ही रास्ते के पुराने विवाद को सुलझा दिया होता, तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने पुलिस पर विपक्षियों को संरक्षण देने और पुराने मामले में एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी कारण विपक्षियों के हौसले बढ़े हुए हैं और उन्होंने आज उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। पीड़ित ने पूरे मामले में न्याय और आरोपितों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की है।
