Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

उत्तराखंड के विकास की लाइफलाइन, देश की लाइफलाइन दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में जुड़ रही है-पुष्कर सिंह धामी


आज देश को दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे की सौगात मिल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस वे का उदघाटन किया। अब दिल्ली से देहरादून की दूरी 6 घंटे से घटकर ढाई घंटे की रह गई है। मंच पर उनके साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे। इस दौरान पुष्कर सिंह धामी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, आज का दिन कई मायनो में विशेष है। जहां आज उत्तराखंड के विकास की लाइफलाइन, देश की लाइफलाइन दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में जुड़ रही है। वहीं, आज देश में सामाजिक सौहार्द और समरसता को मजबूत करने के लिए, वंचित वर्ग को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने वाले महापुरुष भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती है। मैं संविधान निर्माता बाबासाहेब को अपनी भावांजलि अर्पित करता हूं।

सीएम धामी ने कहा, ''2014 से पहले का समय सबको याद होगा जब देश के विकास की गाड़ी पूरी तरह से थम चुकी थी। देशवासियों का उत्साह ठंडा पड़ चुका था। महिलाओं के आंसू सूख चुके थे, युवा पीढ़ी के कंधे झुक चुके थे और सेनाओं का मनोबल जवाब दे रहा था ऐसे में देश की बागडोर पीएम मोदी ने संभाली। आज 28वीं बार पीएम मोदी का स्वागत करने का अवसर मिला है। यह पीएम मोदी का हमारे राज्य के प्रति अगाध प्रेम का प्रतीक है।''

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ''पीएम मोदी जब भी उत्तराखड़ आए हैं, देवभूमि उत्तराखंड के लिए कोई ना कोई विशेष सौगात लेकर आए हैं। चाहे बाबा केदार की धरती से 21वीं सदी का दशक उत्तराखंड का दशक होगा कहकर हमारा उत्साह बढ़ना हो, या जिसको भारत का अतिम गांव कहा जाता था सीमांत गांव माणा में आकर देश का प्रथम गांव घोषित करना हो, या इन्वेस्टर समिट के उद्घाटन के अवसर पर मेड इन उत्तराखंड का संदेश देना हो, राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह में पधारकर देवभूमि को खेलभूमि के रूप में नई पहचान दिलाना हो, आपका देवभूमि में आगमन देवभूमि के लिए हमेशा शुभ एवं कल्याणकारी रहा है। आज जब आप पुन: उत्तराखंड आए हैं, तो 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर की सौगात लेकर आए हैं। इसके लिए उत्तराखंड के सभी प्रदेशवासियों की ओर से मैं आपका धन्यवाद करता हूं।''

बता दें कि ये एक्सप्रेस-वे एशिया का सबसे लंबा वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर भी है क्योंकि यह एक्सप्रेस वे राजाजी नेशनल पार्क और शिवालिक क्षेत्र से होकर निकलता है। 12 KM लंबे एलिवेटेड हाईवे के नीचे से हाथी सहित सभी जंगली जानवर बिना रुकावट निकल सकेंगे। इस कॉरिडोर से वर्तमान की 235 किमी की दूरी घटकर 212 किमी होगी। समय और ईंधन की बचत होगी। प्रदेश की अर्थव्यवस्था तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह कॉरिडोर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों से होकर गुजरता है और दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय वर्तमान में 6 घंटे से अधिक से घटकर लगभग ढाई घंटे हो जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |