महाराष्ट्र के नासिक में दर्दनाक हादसा, कुएं में कार गिरने से 9 लोगों की मौत
April 04, 2026
महाराष्ट्र के नासिक में दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, नासिक के दिंडोरी तालुका में एक कार कुएं में गिर गई, जिससे 9 लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक दरगोडे परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। यह घटना देर रात लगभग 10 बजे के आस पास हुई।
हादसे के शिकार लोगों की पहचान हो गई है। मृतकों के नाम रेशमा सुनील दरगुडे (27), आशा अनिल दरगुडे (32), खुशी/सृष्टि अनिल दरगुडे (14), श्रेयस अनिल दरगुडे (11), राखी/गुणवंती सुनील दरगुडे, श्रावणी अनिल दरगुडे (11), समृद्धि राजेंद्र दरगुडे (7), माधुरी अनिल दरगुडे (13) और सुनील दत्तु दरगुडे (32) हैं। सभी मृतक व्यक्ति इंदौर, तालुका डिंडोरी, जिला नासिक के निवासी थे। स्थानीय नागरिकों की मदद से, वाहन और सभी शवों को कुएं से बाहर निकाला गया और डिंडोरी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि दरगुडे परिवार एक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहा था। कार्यक्रम से लौटते समय अचानक कार चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे कुएं में जा गिरी। एक ही परिवार के इतने सदस्यों की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। इस भीषण हादसे में अपनी जान गंवाने वाले लोगों में छह बच्चे शामिल हैं, जिनमें एक सात साल की बच्ची भी बताई जा रही है। इसके अलावा सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और उनकी बेटी की भी इस हादसे में मौत हो गई।
