Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगरा: आगरा दक्षिण में 87 करोड़ की सड़क परियोजना को मंजूरी, विकास को मिलेगी नई रफ्तार! सीएम ग्रिड योजना के तहत सुभाष पार्क से मारुति स्टेट तक बनेगा अत्याधुनिक मार्ग, दूसरे चरण में अवधपुरी तक विस्तार


आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी (चीफ मिनिस्टर ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम) योजना के अंतर्गत आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों ने गति पकड़ ली है। करीब 87 करोड़ रुपये की लागत से सुभाष पार्क से मारुति स्टेट चैराहे तक अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त महामार्ग का निर्माण कराया जाएगा।

यह जानकारी प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने शाहगंज स्थित सत्तो लाला फूड कोर्ट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि यह मार्ग न केवल क्षेत्र के सौंदर्याकरण को बढ़ावा देगा, बल्कि यातायात व्यवस्था को भी सुगम बनाएगा। साथ ही निर्माण कार्य करने वाली संस्था को पांच वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।

मंत्री ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत सड़क का निर्माण आरसीसी व्हाइट टॉपिंग तकनीक से किया जाएगा, जिससे इसकी गुणवत्ता और आयु दोनों बेहतर होंगी। सड़क के किनारे यूटिलिटी डक्ट बनाए जाएंगे, ताकि भविष्य में केबल या पाइपलाइन डालने के लिए सड़क को बार-बार न खोदना पड़े। इसके साथ ही सीवर लाइन, एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग, हरियाली, फुटपाथ और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनकेंद्रित और दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो आगरा दक्षिण के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना शहर के विकास को नई दिशा देगी।

परियोजना के दूसरे चरण में मारुति स्टेट से अवधपुरी हनुमान मंदिर (100 फुटा रोड) तक सड़क, सीवर, जल आपूर्ति, विद्युत पोल और अन्य सुविधाओं के विकास कार्य लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से किए जाएंगे।’ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने शाहगंज स्थित रामस्वरूप कॉलोनी में जर्जर सड़क के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया। इसके साथ ही बीके पुरम कॉलोनी में भी नई सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।

इस दौरान मंत्री ने क्षेत्रीय जनता से संवाद करते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए कार्य कर रही है, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता डॉ. अलौकिक उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष राजू कुशवाहा, धीरज कोहली, देवेश पचैरी, राजेश प्रजापति, विधायक प्रतिनिधि संजय जैन, पार्षद सुनील करमचंदानी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |