पीलीभीत। नगर पालिका परिषद पीलीभीत की विशेष बोर्ड बैठक बुधवार को टाउन हॉल सभागार में आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित लगभग 78.35 करोड़ रुपये के मूल बजट को बहुमत से पारित कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने की, जबकि अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में प्रस्तुत बजट में आय और व्यय के विभिन्न मदों पर विस्तार से चर्चा की गई। आय के प्रमुख स्रोतों में गृहकर, जलकर, दुकान किराया, लाइसेंस शुल्क, नीलामी, होर्डिंग व विज्ञापन शामिल हैं। इसके अलावा राज्य वित्त आयोग से लगभग 35 करोड़ रुपये तथा 14वेंध्15वें वित्त आयोग से करीब 15 करोड़ रुपये मिलने का प्रावधान किया गया है। अमृत योजना, वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं से भी आय की उम्मीद जताई गई।वहीं व्यय मदों में शहर के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। सीवर और जल निकासी व्यवस्था के लिए करीब 7 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए भी विशेष बजट रखा गया है। स्वास्थ्य सेवाओं, दवा, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट एवं प्रकाश व्यवस्था के लिए अलग-अलग धनराशि स्वीकृत की गई। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, मलिन बस्ती विकास, पार्क निर्माण, गौशाला संचालन समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को भी बजट में शामिल किया गया है।
बैठक के दौरान सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की। इस पर पालिकाध्यक्ष ने सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि यह बजट शहर के समग्र विकास, स्वच्छता सुधार, बेहतर जल निकासी और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक में वरिष्ठ सभासदों और विभिन्न वार्डों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।
