Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रूद्रपुर: “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई! 71 लाख की स्मैक बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार


रूद्रपुर। ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 71 लाख रुपये कीमत की स्मैक बरामद की है। इस दौरान दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में नशे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स व एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की।

कोतवाली किच्छा क्षेत्र में चैकी लालपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने महराया कट के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध महिला को रोका। तलाशी में उसके कब्जे से 133 ग्राम अवैध स्मैक और 4000 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुरेन्द्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर (42 वर्ष), निवासी टिब्बा लालपुर बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8ध्21 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बागवाला रुद्रपुर-रामपुर बाईपास पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 103.33 ग्राम स्मैक और एक एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपी ने अपना नाम अर्जुन सिंह (26 वर्ष), निवासी कपूरपुर, थाना मीरगंज, जिला बरेली बताया। उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में उसने स्मैक फतेहगंज क्षेत्र से लाना बताया है, जिस पर आगे जांच जारी है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |