अमेठी: आर.आर.पी.जी. कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत व्याख्यान आयोजित
April 01, 2026
अमेठी । आर.आर.पी.जी. कॉलेज, बुधवार को मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं, वीरांगनाओं, कवयित्रियों, स्वतंत्रता सेनानियों, उद्यमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं के जीवन चरित्र पर एक प्रेरणादायी व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयोजक प्रो. आशा गुप्ता ने मुख्य अतिथि, विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों एवं छात्राओं का स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश तिवारी ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान पीढ़ी को सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित कियज्ञं कार्यक्रम की मुख्य वक्ता हिंदी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. सीमा सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उद्यमिता के क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाओं के व्यक्तित्व, उनके संघर्ष एवं उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं के योगदान तथा कवयित्रियों की प्रेरणादायी भूमिका को भी रेखांकित किया। इस अवसर पर रानी लक्ष्मी बाई, ज्योतिबा फुले, सरोजिनी नायडू एवं सुभद्रा कुमारी चैहान जैसे महान व्यक्तित्वों के जीवन एवं उनके योगदान पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया, जिससे छात्राओं को प्रेरणा मिली। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्कृत विभाग की प्राध्यापिका डॉ. नीतू सिंह ने किया। अंत में डॉ. ज्योति सिंह ने सभी पदाधिकारियों, वक्ताओं एवं उपस्थित छात्राओं के प्रति आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।
