अमेठीः 1266 सिलेंडरों का हिसाब गड़बड़! प्रकाश गैस एजेंसी सील, मुकदमा दर्ज़
April 05, 2026
अमेठी। किसान मजदूर सेवा संस्थान के प्रयास से अमेठी में गैस सिलेंडरों की कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। जांच के दौरान प्रकाश गैस एजेंसी पर सप्लाई विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एजेंसी को सील कर दिया। जांच में खाली और भरे गैस सिलेंडरों के रिकॉर्ड में 1266 सिलेंडरों का अंतर पाया गया, जिसके बाद एजेंसी संचालक मनदीप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।बताया जा रहा है कि एजेंसी के खिलाफ काफी समय से अनियमितताओं एवं उपभोक्ताओं को समय पर गैस न मिलने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर सप्लाई विभाग की टीम ने गोदाम पर छापेमारी की, जहां रिकॉर्ड और वास्तविक सिलेंडरों की संख्या में भारी गड़बड़ी सामने आई।जिलाधिकारी के निर्देश पर एजेंसी संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मौके पर मौजूद गैस सिलेंडरों को दूसरी एजेंसी को सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर राम आधार गैस एजेंसी, बारहमासी से उपलब्ध कराया जाएगा। पूर्ति निरीक्षक अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि जांच में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। संबंधित कंपनी को भी मामले की सूचना दे दी गई है और नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को गैस वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। गौरतलब हो कि गैस एजेंसी पर मौजूद कर्मचारी जरूरी एवं आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा पाए. गैस एजेंसी के मालिक मनदीप सिंह मौके से गायब मिले। छापेमारी के दौरान एजेंसी प्रबंधन स्टॉक रजिस्टर, डिलीवरी रजिस्टर समेत जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वही पूरे मामले की रिपोर्ट इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन को भेज दी गई है, जहां से आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे. इस कार्रवाई के बाद अमेठी जिले की अन्य गैस एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कालाबाजारी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
