अमेठीः राज्य स्तरीय शूटिंग चैपियनशिप हेतु खिलाड़ियों का ट्रायल 10 अप्रैल को, डीएम ने गठित की चयन समिति
April 08, 2026
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चैहान के निर्देशन में जनपद में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 29वीं यूपी प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए जनपद अमेठी के खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 13 अप्रैल से 16 अप्रैल 2026 तक डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, अयोध्या में आयोजित होगी, जिसमें एयर राइफल एवं एयर पिस्टल स्पर्धाएं शामिल हैं। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों के चयन के लिए एक समिति का गठन किया है। इस समिति में उप जिलाधिकारी नितेश राज को अध्यक्ष, उपक्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद, अंतरराष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक रुचि सिंह तथा शूटिंग प्रशिक्षक शौएब खान को सदस्य नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल 10 अप्रैल 2026 को अपराह्न 2रू30 बजे से डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अमेठी स्थित नवनिर्मित शूटिंग रेंज में आयोजित किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को 10, 11 और 12 अप्रैल तक विशेष प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा, जिसके उपरांत जनपद की टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। ज्ञातव्य है कि जनपद अमेठी में शूटिंग खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के विशेष प्रयासों से आधुनिक शूटिंग रेंज का निर्माण कराया गया है। इस सुविधा के उपलब्ध होने से अब अमेठी के खिलाड़ियों को अपने ही जनपद में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं अभ्यास का अवसर मिल सकेगा। इससे न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, बल्कि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार हो सकेंगे। जिलाधिकारी ने सभी इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की है कि वे ट्रायल में प्रतिभाग कर इस अवसर का लाभ उठाएं और जनपद का नाम रोशन करें। प्रशिक्षण के उपरांत चयनित टीम 13 से 16 अप्रैल तक अयोध्या में आयोजित होने वाली प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन करेगी।
