लखनऊ। नगर निगम द्वारा शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। जोन-1 के अंतर्गत झंडी वाला पार्क में आयोजित भव्य कार्यक्रम में ₹2962.60 लाख की लागत से निर्मित सड़कों, नालियों एवं पार्कों सहित कुल 456 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसी अवसर पर नगर निगम द्वारा कल्याण मंडपों एवं सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग हेतु पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर सुषमा खर्कवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण कर शहरवासियों को समर्पित किया।
इन परियोजनाओं के तहत शहर की सड़कों का निर्माण एवं चैड़ीकरण, नालियों का सुदृढ़ीकरण, पार्कों का सौंदर्यीकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इस अवसर पर कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चरनजीत गांधी, उपनेता पार्षद दल भाजपा सुशील तिवारी ‘पम्मी’, नगर आयुक्त गौरव कुमार, जोन-1 के पार्षद सफीकुर रहमान ‘चचा’, गिरीश गुप्ता,आशीष हितैषी,यावर हुसैन रेशु, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, नगर अभियंता अतुल मिश्रा सहित अनेक पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह अवसर उनके लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि लगभग ₹2962.60 लाख की लागत से तैयार की गई 456 परियोजनाएं केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि लखनऊ के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने कहा कि “लखनऊ एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी होने के साथ-साथ तेजी से विकसित होता आधुनिक शहर भी है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम विकास और विरासत के बीच संतुलन बनाए रखें।” महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, इंजीनियरों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से ही यह कार्य संभव हो सका है।
कार्यक्रम के दौरान महापौर द्वारा एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए कल्याण मंडपों और सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग हेतु पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इस नई व्यवस्था के माध्यम से नागरिक अब घर बैठे ही मंडपों की उपलब्धता देख सकेंगे और ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
नगर निगम द्वारा विभिन्न कल्याण मंडपों और सामुदायिक केंद्रों के लिए शुल्क भी निर्धारित किए गए हैं। प्रमुख केंद्रों में महानगर, जियामऊ, मानसरोवर, विकास नगर, आनंद नगर, सरस्वती नगर, लालबंगला, नरही, गणेशगंज, सरोजनी नगर आदि शामिल हैं, जिनकी बुकिंग अब ऑनलाइन माध्यम से की जा सकेगी।
