सोनभद्र। चोपन कस्बे से एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ चोरों ने एक सर्राफा व्यापारी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी को अंजाम दे दिया।हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने पहले पूरे परिवार को कमरे में बाहर से बंद किया और फिर आराम से घर के अंदर रखे कीमती सामान को समेटते रहे।इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना चोपन थाना क्षेत्र के कस्बे की है, जहां सर्राफा व्यापारी दिनेश वर्मा के घर बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया।बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य रात में खाना खाकर ऊपर सोने चले गए थे, इसी दौरान चोर घर में घुस आए और सबसे पहले घर के कमरों के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई जागने पर भी बाहर न निकल सके।
इसके बाद चोरों ने घर के अंदर रखे बक्सों और आलमारियों को खंगालना शुरू कर दिया।कपड़ों से लेकर अन्य सामान तक को बुरी तरह बिखेर दिया गया और कीमती जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर लिया गया।सुबह करीब साढ़े चार बजे जब दिनेश वर्मा की नींद खुली और उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो वह बाहर से बंद मिला।किसी तरह दीवार कूदकर बाहर निकले और फिर घर के अन्य कमरों को खोला, जहां पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला।
पीड़ित के मुताबिक चोर करीब 60 से 65 हजार रुपये नकद, ढाई से तीन भर सोना और तीन से चार भर चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।हालांकि गनीमत रही कि चोर दुकान में रखी तिजोरी तक नहीं पहुंच सके, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।यह वारदात एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर रही है कि आखिर चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि वे घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
