Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

Sonebhadra: कर्मचारियों के हित में पीएम विकसित भारत रोजगार योजना में पंजीकरण अनिवार्य-डीएम

सोनभद्र। जनपद में कर्मचारियों के सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित पीएम विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन भी कंपनियों में 20 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, वे अपने समस्त कर्मचारियों का पंजीकरण नियोक्ता अनिवार्य रूप से कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजना श्रमिकों के भविष्य को सुरक्षित करने वाली अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है, जिसका संचालन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत श्रमिकों का भी शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र कर्मचारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनपद में संचालित ऐसी सभी कंपनियों की सूची तैयार की जाए, जहां 20 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, लेकिन अब तक उनका पंजीकरण नहीं कराया गया है। ऐसी कंपनियों को तत्काल नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि इस योजना में पंजीकरण कराने वाले कर्मचारियों को उनके मासिक वेतन के आधार पर भविष्य निधि, पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा से संबंधित अनेक लाभ प्राप्त होते हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निर्देशित किया, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को इसका लाभ मिल सके। मौके पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, श्रीमती अचला पाण्डेय उप श्रमायुक्त मिर्जापुर क्षेत्र, सहायक श्रमायुक्त पिपरी विजय कुमार, ई0पी0एफो0 नोडल अधिकारी मनरोजन कुमार सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धितगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |