EMI वाले कर रहे थे परेशान तो शख्स ने कर ली खुदकुशी, पुलिस ने दावे को बताया गलत
March 25, 2026
कर्नाटक के बेलगावी में रोड के किनारे छोटा सा होटल चलाने वाले शख्स ने खुदकुशी कर ली है। मृतक की पहचान रामा हलूरी के रूप में हुई है। पिछले कई दिनों से, रामा हलूरी के होटल को कमर्शियल LPG सिलेंडर नहीं मिल रहा था। सिलेंडर की कमी के कारण उन्हें होटल को बंद करना पड़ा था और इस दौरान, उन्हें लोन की EMI वाले परेशान कर रहे थे। इसी दौरान, उन्होंने अपनी जान ले ली।
दरअसल, होटल बंद होने के बाद रामा हलूरी की आमदनी कम हो गई थी। वह लोन पर लगने वाला ब्याज और किश्तें नहीं चुका पाए थे। परिवार वालों ने दावा किया है कि लोन के ब्याज का बोझ ना सह पाने के कारण रामा हलूरी ने आत्महत्या कर ली।
रामा हलूरी कई सालों से 'हनुमान होटल' चला रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि होटल बंद होने के बाद, रामा हलूरी के आर्थिक लेन-देन में उतार-चढ़ाव आया और उनपर कर्ज देने वालों का दबाव बढ़ गया। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि हम मामले की हर एंगल से जांच कर रहे हैं। उनके परिजनों और जानने वालों से बातचीत की है। पता लगाया जा रहा है कि किन कारणों से रामा हलूरी ने अपनी जान ले ली। अगर इस मामले में कोई दोषी पाया जाता है कि तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बेलगावी जिला पुलिस ने एक प्रेस नोट जारी कर गैस सिलेंडर की कमी की वजह से की गई खुदकुशी के परिवार के दावे को गलत बताया है, पुलिस ने इसे महज एक अफवाह करार दिया है। पुलिस ने कहा कि मृतक ने बैंक से 11 लाख रुपये का कर्जा ले लिया था और उनके होटल का कारोबार पिछले कुछ समय से सही तरीके से नहीं चल रहा था जिसके चलते रामा जबरदस्त तनाव में थे, उनके होटल में सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर कोई समस्या नहीं थी।
