Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगराः गैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में सपा महिला सभा का जोरदार प्रदर्शन


आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय अखिलेश यादव के निर्देश एवं महिला सभा उत्तर प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष रिबु श्रीवास्तव के आदेश पर समाजवादी महिला सभा की महानगर अध्यक्ष प्रियंका चैहान के नेतृत्व में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों महिलाओं ने खाली गैस सिलेंडर सिर पर रखकर जोरदार नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष प्रियंका चैहान, महानगर महासचिव निर्मला तोमर एवं महानगर उपाध्यक्ष सरिता यादव ने भी सिर पर सिलेंडर रखकर विरोध दर्ज कराया और महिलाओं की पीड़ा को प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत किया।

महिला सभा की महानगर अध्यक्ष प्रियंका चैहान ने कहा कि प्रदेश में रसोई गैस की भारी किल्लत के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जिसका सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार गैस की कोई समस्या न होने का दावा कर रही है, वहीं जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। महिलाएं घंटों लाइन में खड़ी रहने के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं पा रही हैं।

उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर ब्लैक में 2000 रुपये तक बेचा जा रहा है। गैस बुकिंग नंबर नहीं लग पा रहा है और यदि नंबर लग भी जाता है तो 4-5 दिन तक सिलेंडर नहीं मिल रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि इस किल्लत के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई लोग अपनी नौकरी छोड़कर गैस के लिए लाइन में लगने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर लंबी कतारों के दौरान लोगों की मौत तक होने की घटनाएं सामने आई हैं, जो सरकार की विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने उज्ज्वला योजना को भी पूरी तरह असफल बताया।

अंत में महिला सभा की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही गैस सिलेंडर की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सुनील चित्तौड़िया, शिक्षक सभा महानगर अध्यक्ष मीना वर्मा, पिंकी राज, सरोज, पूनम बाल्मीकि, प्रभात यादव, शमशाद खान, देवी यादव, कृष्ण यादव, वर्षा यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |