बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र में गैस सिलेंडर की अधिक कीमत वसूलने का विरोध करना एक उपभोक्ता को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर एजेंसी संचालक के बेटों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला क्षेत्र स्थित टिकरी इंडेन गैस सर्विस से जुड़ा है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव बेलाडाड़ी निवासी नरेंद्र कुमार पुत्र तिलक राम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 26 फरवरी को गैस सिलेंडर लेने एजेंसी पर गए थे। आरोप है कि एजेंसी मालिक अखिल तोमर के बेटे कमलेश और छोटू ने निर्धारित दर से अधिक रुपये मांगे।
उपभोक्ता के अनुसार जब उन्होंने तय मूल्य से अधिक धनराशि देने का विरोध किया तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना से आहत उपभोक्ता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर कमलेश तोमर व छोटू पुत्र अखिल तोमर निवासी टिकरी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
इस घटना ने उपभोक्ताओं की सुरक्षा और गैस एजेंसियों पर मूल्य पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि अधिक वसूली की शिकायतें सही पाई जाती हैं तो संबंधित एजेंसी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं का विश्वास कायम रह सके।
.jpg)