ओवरटेक करती बाइक ने युवती को मारी टक्कर, पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने कुचला
March 31, 2026
मध्य प्रदेश के खंडवा में दर्दनाक मौत का एक लाइव वीडियो सामने आया है। दरअसल, जिले के हरसूद-छनेरा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जिसमें 18 वर्षीय युवती की जान चली गई। साइकिल से घर लौट रही युवती को पहले तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मारी, जिसके बाद वह सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रहे ट्रैक्टर के नीचे आ गई।
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के CCTV फुटेज सामने आए, जिससे हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो गई। फुटेज में युवती अपनी साइड में साइकिल चलाते हुए दिखाई दे रही है। इसी दौरान एक बाइक सवार ट्रैक्टर को ओवरटेक करते हुए तेज गति से आया और उसने युवती को टक्कर मार दी।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है, कि टक्कर लगते ही युवती उछलकर सड़क पर गिर गई। उसी समय पीछे से आ रहा ट्रैक्टर उसके ऊपर से गुजर गया। मौके पर मौजूद लोगों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 18 वर्षीय संस्कृति पिंजारा के रूप में हुई।
