मुसाफिरखानाः लेखपाल संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
March 10, 2026
मुसाफिरखाना/अमेठी। तहसील सभागार में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ मुसाफिरखाना, जनपद अमेठी की बैठक अध्यक्ष रजनीश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में लेखपालों ने अपने संवर्ग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। बैठक के बाद लेखपाल संघ के प्रतिनिधियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मुसाफिरखाना अभिनव कन्नौजिया को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। ज्ञापन में कुछ लेखपालों का लंबित वेतन जारी कराने, पिछले दो वर्षों से अलाव जलवाने का बकाया भुगतान, क्रॉप कटिंग का भुगतान, जीपीएफ व सर्विस बुक का अवलोकन कराए जाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा महिला लेखपालों के लिए तहसील परिसर में शौचालय की समुचित व्यवस्था, आय, जाति व निवास प्रमाण पत्रों के सत्यापन कार्य का भुगतान सुनिश्चित कराने की भी मांग की गई। लेखपालों ने एसडीएम से अनुरोध किया है कि ज्ञापन में उल्लिखित सभी समस्याओं का निराकरण 14 दिनों के भीतर कराया जाए, ताकि राजस्व कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें। बैठक में संघ के कई पदाधिकारी और लेखपाल मौजूद रहे।
