पीएम मोदी से मिले वरुण गांधी, परिवार भी रहा मौजूद
March 17, 2026
वरुण गांधी ने पीएम मोदी से परिवार समेत मुलाकात की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके ये जानकारी दी है। इस मुलाकात के दौरान वरुण का परिवार भी मौजूद रहा। वरुण ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "परिवार सहित श्रद्धेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन पाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।"
उन्होंने लिखा, "आपके आभामंडल में अद्भुत पितृवत स्नेह और संरक्षण का भाव है। आपसे हुई भेंट इस विश्वास को और भी दृढ़ बना देती है कि आप देश और देशवासियों के सच्चे अभिभावक हैं।"
वरुण गांधी साल 2019 में पीलीभीत से सांसद चुने गये थे लेकिन 2024 के चुनाव में बीजेपी से उनका टिकट काट दिया गया था। इसके बाद बीच में सियासी गलियारों में ये चर्चाएं भी चलीं कि वह कांग्रेस के साथ जुड़ सकते हैं। हालांकि ऐसा कुछ नहीं हुआ और अब पीएम मोदी के साथ तस्वीर सामने आने से ये बात साफ हो चुकी है कि वह किसी और पार्टी में नहीं जा रहे हैं।
पीलीभीत से जब वरुण गांधी की टिकट बीजेपी से कटी थी तो उनकी मां मेनका गांधी का बयान सामने आया था। उन्होंने कहा था कि 'वहां से वरुण को होना चाहिए था लेकिन पार्टी ने फैसला कर लिया है, बस इतनी सी बात है।' इस दौरान मेनका गांधी ने कहा था कि वरुण बीजेपी में हैं और वह इस बात से खुश हैं।
जब पीलीभीत में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया था, उस दौरान वरुण इसमें दिखाई नहीं दिए थे। जिसके बाद इस मामले की काफी चर्चा थी और लोगों ने कहा था कि वरुण नाराज चल रहे हैं।
पीएम मोदी से मुलाकात से पहले वरुण गांधी ने राजस्थान के मेंहदीपुर बालाजी मंदिर के भी दर्शन किए थे और हनुमानजी का आशीर्वाद लिया था। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर फोटोज भी शेयर की थीं। बता दें कि वरुण गांधी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं।
