लखनऊ: दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुसालियों ने विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से खदेडा
March 26, 2026
लखनऊ । आलमबाग, आशियाना थाना क्षेत्र मे रहने वाली एक विवाहिता ने पति सहित ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। आशियाना थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-एच एलडीए कॉलोनी निवासी रूबी सोनी पत्नी शिवानंद सोनी ने बताया उसका विवाह 11 जुलाई 2024 को सुल्तानपुर जनपद के ग्राम दादूपुर निवासी शिवानंद सोनी के साथ संपन्न हुआ था। आरोप है कि उसके विदा होकर ससुराल पहुंचने के दूसरे दिन सास, ससुर, पति और देवर ने उसके मायके से मिले गहने व स्त्रीधन यह कहकर अपने पास रख लिए कि जरूरत पड़ने पर वापस कर देंगे। लेकिन इसके बाद भी ससुरालजन लगातार दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने के साथ 10 लाख रुपये नकद और एक स्कॉर्पियो कार की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज कर उसे प्रताडित करने लगे। वही पीडिता का कहना था विरोध करने पर पति ने उसका गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी और उसे नौकरानी की तरह रहने को कहा। रक्षाबंधन के अवसर पर जब वह अपने मायके जाने लगी और उसने अपने गहने मांगे, तो ससुराल पक्ष ने देने से इंकार कर दिया और अपमानित किया। कुछ समय बाद दोबारा ससुराल जाने पर उसे असली गहनों की जगह नकली गहने देने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि एक दिन उसका मंगलसूत्र भी गायब हो गया, जिस पर पति ने नशे की हालत में उसे बेचकर जुआ खेलने की बात कबूल की। इसके अलावा पति का किसी अन्य महिला से आपत्तिजनक बातचीत करना भी सामने आया। जब पीड़िता ने इस पर आपत्ति जताई, तो सास ने उसे मायके जाने को कह दिया और बेटे की दूसरी शादी करने की बात कही। जिसपर उसने घटना की जानकारी दे अपने भाई को बुलाया, लेकिन ससुराल पक्ष ने दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें घर से धक्का देकर बाहर निकाल दिया। जिसके बाद वह अपने मायके लौट आई। लेकिन 30 जनवरी 2026 को उसके परिवार द्वारा ससुराल पक्ष से उसे वापस बुलाने की बात की गई, लेकिन सास-ससुर ने 10 लाख रुपये की ज्वैलरी और स्कॉर्पियो कार की मांग दोहराते हुए बिना दहेज वापस न आने की बात कही। जिसपर उसने स्थानीय आशियाना थाने मे पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ नामजद शिकायत की है। पुलिस के अनुसार पीडिता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कारवाई की जा रही है।
.jpg)