अमेठी: पीडब्ल्यूडी सड़क व खड़ंजा मार्ग पर अवैध कब्जे की जांच! प्रशासन की संयुक्त टीम ने की पैमाइश
March 11, 2026
अमेठी। पीडब्ल्यूडी की पक्की सड़क और खड़ंजा मार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने के बाद अमेठी प्रशासन हरकत में आ गया। उपजिलाधिकारी अमेठी आशीष कुमार सिंह के निर्देश पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच कराई गई। बताया गया कि लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड अमेठी की ओर से पत्र भेजकर सड़क और खड़ंजा मार्ग पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की गई थी। इसी के आधार पर नायब तहसीलदार सुधीर कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में टीम गठित की गई। टीम में राजस्व निरीक्षक कुड़वा जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा, लेखपाल अनिल अग्रहरि और लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता ओम प्रकाश यादव को शामिल किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मौजूदगी में स्थल का निरीक्षण करते हुए पैमाइश कराई। ग्रामीणों के मुताबिक पीडब्ल्यूडी द्वारा मोड़ पर बनाई गई सड़क को शिवप्रताप यादव पुत्र रामनरेश द्वारा तोड़कर कब्जा करने की शिकायत सामने आई है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)