आगरा। उच्च प्राथमिक विद्यालय पनैठी में श्रीमती उषा देवी मैडम के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके पश्चात विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उषा देवी मैडम के लंबे और समर्पित शैक्षिक योगदान को याद करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर कई भावुक पल भी देखने को मिले, जब विद्यार्थियों ने अपने प्रिय अध्यापिका के प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट किया।
विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उषा देवी मैडम ने अपने कार्यकाल में न केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपने संबोधन में उषा देवी मैडम ने सभी सहकर्मियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में बिताया गया समय उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और यादगार हिस्सा रहेगा।
समारोह के अंत में सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं शांतिपूर्ण सेवानिवृत्ति जीवन की कामना की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
