अमेठीः श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
March 10, 2026
अमेठी। क्षेत्र के खेरौना गांव में कोटेदार गिरिजा शंकर पाण्डेय के यहां आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र की हजारों महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरे इलाके में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।कलश यात्रा की शुरुआत अमेठी स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर से हुई। यात्रा नगर के चैक, सगरा तिराहा और अंबेडकर तिराहा से होते हुए कथा स्थल तक पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा मार्ग भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर भक्ति गीत गूंजते रहे। रथ, पालकी और घोड़ों के साथ आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं, जिन पर कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकियों को देखने के लिए रास्ते भर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।इस अवसर पर कई गणमान्य लोग भी कलश यात्रा में शामिल हुए और श्रद्धालुओं के साथ आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। उन्होंने भगवान से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजक गिरिजा शंकर पाण्डेय ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के दौरान दूर-दूर से श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचेंगे। पूरे क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।
