Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगराः राष्ट्रीय अधिवेशन में वीर नारियों व पूर्व सैनिकों का होगा सम्मान, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ होंगे मुख्य अतिथि


आगरा। पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के सम्मान में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन समारोह भव्य रूप से संपन्न होगा। कार्यक्रम में देशभर से आए लगभग 500 पूर्व सैनिक एवं उनकी पत्नियां सहभागिता करेंगी। इस आयोजन में वीरता, सेवा और समाज के प्रति समर्पण को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में संजय सेठ उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में एस.पी. सिंह बघेल को आमंत्रित किया गया है। अन्य अतिथियों में जी.एस. धर्मेश, सरिता भदौरिया तथा विजय शिवहरे शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान लगभग 25 वीर नारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही बुजुर्ग पूर्व सैनिकों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय पूर्व सैनिकों और नागरिकों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यथार्थ हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाया जाएगा, जिसमें एक स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं दो फिजीशियन मरीजों की जांच करेंगे। शिविर में ईसीजी, शुगर और ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न जांचें की जाएंगी।

इसके अतिरिक्त पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु एरिया अकाउंट ऑफिस की ‘स्पर्श’ टीम द्वारा विशेष कैंप लगाया जाएगा, जहां पूर्व सैनिक विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान 8वें वेतन आयोग को भेजे जाने वाले ज्ञापन पर उपस्थित सभी सैनिकों के हस्ताक्षर कराए जाएंगे। साथ ही सरकार से टोल टैक्स और हाउस टैक्स में छूट देने तथा पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित रिक्त पदों को शीघ्र भरने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

अधिवेशन में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित कर सरकार से अनुरोध किया जाएगा कि पूर्व सैनिकों की विधवाओं को मिलने वाली एन्हैन्स्ड फैमिली पेंशन की वर्तमान 7 वर्ष की सीमा को समाप्त कर इसे 67 वर्ष की आयु तक लागू किया जाए। आयोजकों का कहना है कि सेना में सेवा अवधि अपेक्षाकृत कम होने के कारण यह संशोधन आवश्यक है।

कार्यक्रम को लेकर पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल है। यह आयोजन न केवल सम्मान का अवसर होगा, बल्कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |