अमेठीः नवनिर्माण के नौ वर्ष मेले में उद्योग! रोजगार व स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष जोर, उद्यमी सम्मानित
March 24, 2026
अमेठी। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “नवनिर्माण के नौ वर्ष” थीम पर आधारित नौ दिवसीय समारोह मेले का आयोजन जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में किया जा रहा है। मेले के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। मेले में सूचना, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्योग, कृषि, समाज कल्याण, जल जीवन मिशन, बैंकिंग एवं कौशल विकास विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, वहीं सूचना विभाग की चित्र प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मेले के सातवें दिन “उद्योग, व्यापार एवं रोजगार दिवस” के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उद्यमियों व व्यापारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चैहान ने 10 उद्यमियोंध्व्यापारियों हेमंत विक्रम सिंह, राजीव शुक्ला, रामहेत, समीर कुरेशी, कौशल, हिमांशु कौशल, गिरिराज प्रकाश, जिया उल हक, प्रतिमा सिंह एवं हरिकेश श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जनपद की 144 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों को प्रशस्ति पत्र एवं गांधी जी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 25 टीबी रोगियों को पोषण पोटली का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान का शुभारंभ भी किया गया। इस अभियान के तहत जोखिम वाली आबादी की स्क्रीनिंग कर उन्हें आवश्यक उपचार की सुविधा सभी सीएचसी पीएचसी एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि मेले का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन सरकार की प्राथमिकताओं में है और जनसहभागिता से ही इसे जड़ से समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी से जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह ने किया।
