Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

हाथरसः लापता युवक का शव करवन नदी में मिला, परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या का लगाया आरोप


हाथरस। जनपद के मुरसान क्षेत्र के विशुनदास गांव निवासी लापता युवक रितेश उर्फ छोटू का शव शनिवार को करवन नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने अज्ञात लोगों पर युवक के अपहरण के बाद उसकी निर्मम हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

बताया गया कि मृतक रितेश (पुत्र सुग्रीव सिंह) 13 मार्च की रात करीब 9 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद गांव और रिश्तेदारी में तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

14 मार्च को परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। मुरसान कोतवाली प्रभारी के अनुसार संभावित स्थानों पर युवक की खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।

शनिवार को गांव के पास करवन नदी में युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि शव के पैर बंधे हुए थे और चेहरा तेजाब से जला हुआ था। उनका कहना है कि पहले युवक का अपहरण किया गया और फिर तेजाब डालकर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि युवक के हाथ पर लिखा नाम भी काटकर मिटा दिया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही मुरसान और चंदपा पुलिस सहित अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। क्षेत्राधिकारी हाथरस के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |