प्रतापगढः बीईओ ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
March 15, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। नवभारत साक्षरता अभियान के तहत विकास खंड लक्ष्मणपुर में रविवार को साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन कराया गया। इस परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु के पंजीकृत असाक्षरों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। ब्लॉक क्षेत्र के कुल 54 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मणपुर सुरेश कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रा. वि. पूरनपुर खास, प्रा.वि. सराय भैया तथा पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय सराय आनादेव का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा सम्बंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा परीक्षार्थियों से भी संवाद किया।बीईओ ने संबंधित शिक्षकों को निर्देशित किया कि साक्षरता अभियान के तहत पंजीकृत सभी शिक्षार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे वे पूर्ण रूप से साक्षर बन सकें। उन्होंने कहा कि नवभारत साक्षरता अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पढ़ने-लिखने से जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। परीक्षा केंद्रों पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों की देखरेख में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान संबंधित विद्यालयों के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
