प्रतापगढ़/बाबागंज। होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब रंग छुड़ाने के लिए नहर में नहाने गई एक ही परिवार की तीन मासूम बेटियां गहरे पानी की चपेट में आकर डूब गईं। घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के खनवारी गांव में होली के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गांव निवासी रामनरेश पटेल की दो पुत्रियां आँचल (12 वर्ष) और रिया( 09 वर्ष) तथा अनिल पटेल की पुत्री रोशनी (12 वर्ष) होली खेलने के बाद शरीर पर लगा रंग छुड़ाने के लिए गांव के पास से गुजर रही शारदा सहायक नहर में नहाने के लिए उतर गईं। इसी दौरान तीनों बच्चियां नहर के गहरे पानी में चली गईं और देखते ही देखते डूबने लगीं।
काफी देर तक जब तीनों बच्चियां घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की तो नहर किनारे उनके कपड़े व चप्पल पड़े मिले। इसके बाद डूबने की आशंका से गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण नहर किनारे जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नहर में बच्चियों की तलाश शुरू कराई गई। काफी मशक्कत के बाद बहु तीनों बच्चियों का कहीं पता नही चला है।होली के दिन हुई इस हृदयविदारक घटना से गांव का माहौल गमगीन हो गया है और हर ओर मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक बालिकाओं की तलाश जारी थी। इस संबंध में एसओ संग्रामगढ़ मनोज तोमर का कहना है कि बालिकाओं की तलाश जारी है।
