लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर की गई।
अभियान के तहत जोन-6 में जोनल अधिकारी अमरजीत यादव के नेतृत्व में वार्ड लाल जी टंडन, हुसैनाबाद और भवानी गंज क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान अनुसरल गर्ल्स हॉस्टल के पास, जूता बाजार हुसैनाबाद तथा न्यू नक्खास मार्केट स्थित मिनी ट्यूबवेल के पास प्राप्त शिकायतों का निस्तारण करते हुए अवैध अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान 10 ठेले, 4 गुमटी और 20 अस्थायी दुकानों को हटवाया गया। साथ ही मौके से 1 लोहे का स्टूल, 3 कैरेट, 4 टायर और 1 लोहे का जाल सहित अन्य सामान जब्त किया गया। नगर निगम टीम ने अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी भी दी कि भविष्य में उक्त स्थलों पर पुनः अतिक्रमण न किया जाए। इस अभियान में कर अधीक्षक विजय शंकर, कर निरीक्षक धर्मदेव तथा 296 टीम के कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जोन-8 में भी अवैध अस्थायी अतिक्रमण, होर्डिंग, बैनर और पोस्टर के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी विकास सिंह के नेतृत्व में मेदांता हॉस्पिटल, वृन्दावन कालिन्दी पार्क और तेलीबाग चैराहे के आसपास अवैध रूप से लगाए गए ठेले और खोमचे हटाए गए। कार्रवाई के दौरान 8 कैरेट, 3 नारियल कांटा, 1 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 2 पानी की पेटी, 2 सिलेंडर, 1 लोहे की बेंच, 1 बैटरी, 1 ठेला और 5 स्टूल सहित अन्य सामान जब्त किया गया।
