गौरीगंज: वरिष्ठ कांग्रेसी नेता के निधन पर राहुल गांधी ने की शोकाकुल परिवारजनों से फोन पर बात, जताया दुःख
March 02, 2026
गौरीगंज/अमेठी। अत्यंत दुःख और वेदना के साथ सूचित किया जाता है कि वरिष्ठ कांग्रेसी नेता योगेंद्र मिश्रा, पुत्र कैप्टन चन्द्रिका प्रसाद मिश्रा का कल निधन हो गया। वही कल उनके अंतिम संस्कार के अवसर पर जननायक श्री राहुल गांधी जी ने शोकाकुल परिवारजनों से दूरभाष पर आत्मीय संवाद कर गहरा दुःख व्यक्त किया। श्री गांधी ने योगेंद्र मिश्रा जी को संगठन के प्रति निष्ठावान, संघर्षशील और वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध नेता बताते हुए उनके निधन को कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया तथा परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। उनकी इस संवेदनशील बातचीत से परिजनों को भावनात्मक शक्ति मिली।दिवंगत योगेंद्र मिश्रा के निधन की सूचना मिलते ही अमेठी के सांसद माननीय किशोरी लाल शर्मा जी ने तत्काल परिवार से दूरभाष पर वार्ता कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।योगेंद्र मिश्रा ने छात्र राजनीति से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और ब्लॉक युवक कांग्रेस महासचिव से लेकर युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष (सुलतानपुरदृअमेठी), प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस, जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष (लगभग 10 वर्ष), पटसन सलाहकार बोर्ड के सदस्य तथा वर्तमान में प्रदेश महासचिव उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी जैसे अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और निर्भीकता के साथ निर्वहन किया। उन्होंने सिद्धांतों और संगठन की विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया।राजनीति के साथ-साथ वे खेलों के भी बड़े संरक्षक रहे। उनके द्वारा आयोजित ऐतिहासिक क्रिकेट टूर्नामेंटों में केंद्रीय मंत्री कैप्टन सतीश शर्मा जी सहित अनेक पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ियों की सहभागिता रही। समाज के सभी वर्गों और सभी राजनीतिक दलों से उनका व्यवहार सदैव सौहार्दपूर्ण, मृदुभाषी और सम्मानजनक रहा।अंतिम संस्कार में प्रसिद्ध कथावाचक विनय शास्त्री जी, विधायक श्री राकेश प्रताप सिंह, कांग्रेस के पूर्व एमएलसी श्री दीपक सिंह,बसपा की पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी,निलांश ग्रुप के डायरेक्टर राजेश श्रीवास्तव, रोहित सिंह,पूर्व बसपा प्रत्याशी श्री राम लखन शुक्ला, पूर्व मंत्री श्री नदीम अशरफ जायसी, ब्लॉक प्रमुख श्री राजेश विक्रम सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप सिंघल,सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव,ब्लॉक प्रमुख सदाशिव यादव, जिला पंचायत सदस्य उदयभान सिंह बबलू, शशिकांत कांत तिवारी,सहित अमेठी संसदीय क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। योगेंद्र मिश्रा अपने पीछे छोटे भाई संतोष मिश्रा, बहनें सुषमा शुक्ला एवं प्रतिमा त्रिपाठी, बड़े पुत्र अंकित मिश्रा तथा छोटे पुत्र अंशुमान मिश्रा सहित शोकसंतप्त परिवार छोड़ गए हैं। उनका निधन अमेठी ही नहीं, बल्कि प्रदेश की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
.jpg)