Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

दुबई में बंदरगाह के पास ईरान ने कर दिया अटैक! तेल से लदे कुवैत के टैंकर में लगी आग


ईरान की ओर से खाड़ी देशों पर हमले लगातार जारी है। ईरान की ओर से किए गए हमलों में दुबई बंदरगाह के एंकरेज पर एक कुवैती टैंकर में आग लगने की खबर है। टैंकर में तेल भरा हुआ था और अधिकारियों के मुताबिक आग पर काबू पा लिया गया है। इस हमले से जहाज के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा था। जिस टैंकर पर हमला हुआ था उसका नाम अल सालमी है।

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर हमले शुरू किए गए थे। ईरान की ओर से भी लगातार पलटवार किया जा रहा है। ईरान की ओर से व्यापारिक जहाजों पर किए गए हमलों की कड़ी में यह सबसे नया अटैक है।

कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (KPC) ने मंगलवार तड़के बताया कि अल सालमी पर एक ईरानी हमला हुआ, जब वह संयुक्त अरब अमीरात के दुबई बंदरगाह पर लंगर डाले खड़ा था। इस हमले से जहाज को नुकसान पहुंचा और उसमें आग लग गई। कुवैत की सरकारी समाचार एजेंसी KUNA की रिपोर्ट के अनुसार, KPC ने आसपास के पानी में तेल फैलने की आशंका के प्रति आगाह किया है।

दुबई के अधिकारियों ने बताया कि समुद्री अग्निशमन टीमों ने ड्रोन हमले से भड़की आग को सफलतापूर्वक बुझा दिया और हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है और चालक दल के सभी 24 सदस्य सुरक्षित हैं।

कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने बताया कि टैंकर को हुए नुकसान का आकलन करने का काम चल रहा है। लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस के आंकड़ों के अनुसार, KPC ही अल सालमी के पंजीकृत मालिक और वाणिज्यिक संचालक की मूल कंपनी है। लॉयड्स और टैंकर ट्रैकर्स के आंकड़ों के अनुसार, इस टैंकर में कुवैत और सऊदी अरब से 20 लाख बैरल तेल भरा हुआ था। लॉयड्स ने इस जहाज का गंतव्य चीन के किंगदाओ शहर को बताया था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |