बंगाल चुनाव से पहले रायदिघी में खूनी खेल! गला रेतकर बीजेपी बूथ सह-अध्यक्ष की बेरहमी से हत्या
March 24, 2026
चुनाव से करीब एक महीने पहले पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के रायदिघी इलाके में एक बीजेपी कार्यकर्ता की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है. घर के पास हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. घटना के पीछे राजनीतिक साजिश या व्यक्तिगत दुश्मनी दोनों ही पहलुओं पर चर्चा तेज हो गई है और कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.
मृतक की पहचान किशोर माझी (लगभग 37 साल) के रूप में हुई है. वह दिघिरपाड़-बकुलतला ग्राम पंचायत के निवासी थे और 216 नंबर बूथ के सह-अध्यक्ष पद पर कार्यरत थे. आरोप है कि मंगलवार रात उन्हें फोन करके घर के पास बुलाया गया, जहां उनकी गला रेतकर हत्या कर दी गई. कुछ ही देर बाद उनका खून से लथपथ शव बरामद हुआ. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में मृतक की पत्नी और एक पड़ोसी युवक को गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
परिवार के मुताबिक, सोमवार रात किशोर माझी को कुछ अज्ञात लोगों ने फोन कर बुलाया था. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला. थोड़ी देर बाद घर के पास ही उनका शव खून से लथपथ हालत में मिला. परिवार ने घटना को साजिश करार देते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
इस घटना ने सियासी रंग भी ले लिया है. मंगलवार सुबह रायदिघी के बीजेपी उम्मीदवार पलाश राणा मृतक के घर पहुंचे और उन्होंने आरोप लगाया कि इस हत्या के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ है. उन्होंने विरोध में रायदिघी थाने का घेराव करने का भी आह्वान किया है. वहीं तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि यह मामला पूरी तरह से व्यक्तिगत दुश्मनी से जुड़ा है और इसे राजनीतिक रंग दिया जा रहा है.
इस बीच सुंदरबन के पुलिस अधीक्षक का भी कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला कथित तौर पर विवाहेतर संबंधों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं.
