Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सिक्किम में भारी बारिश की वजह से कई भूस्खल! पर्यटक फंसे


सिक्किम में भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है, जिसकी वजह से चुंगथांग में लगभग 150 से 200 पर्यटक फंस गए हैं। जिला कलेक्टर अनंत जैन ने ये जानकारी दी है। जैन ने बताया कि गंगटोक से लाचेन और चुंगथांग से लाचेन को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे लाचेन जा रहे पर्यटक चुंगथांग में फंस गए हैं।

फंसे हुए पर्यटकों को आईटीबीपी शिविर और गुरुद्वारे में रखा गया है। जिला कलेक्टर का कहना है कि कई स्थानों पर सड़क जाम हो गई है, इस वजह से लाचेन की ओर आवागमन बाधित है। यात्रा की अनुमति तब मिलेगी, जब मार्ग सुरक्षित घोषित हो जाएगा।

लाचुंग जाने वाली सड़क को साफ कर दिया गया है और वहां से पर्यटकों को सुरक्षित गंगटोक वापस भेज दिया गया है। क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं। आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।

गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में पाकयोंग, गंगटोक और मंगन जिलों के कई हिस्सों में भीषण आंधी और ओलावृष्टि हुई है, जिसकी वजह से बिजली लाइन टूट गई हैं और कई इलाकों में बिजली नहीं है। गंगटोक जिले में, नामली क्षेत्र के पास भी ट्रांसमिशन लाइन पर तेज आवाज के साथ चिंगारी निकलने की सूचना मिली, जिससे निमतर, तोपाखानी और सिंगतम में बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई।

सिक्किम उत्तर-पूर्वी हिमालयी राज्य में स्थित एक छोटा और खूबसूरत राज्य है। ये कंचनजंगा की गोद में बसा है। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने के लिए आते हैं। प्रकृति प्रेमियों के लिए बेस्ट जगहों में से एक है। यहां की ठंडी जलवायु और मौसम लोगों को अपना मुरीद बना लेता है।

यही वजह है कि यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अब भूस्खलन की वजह से फंस गए। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही रास्ते साफ होंगे और पर्यटक अपने-अपने घर वापस पहुंच सकेंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |