हिंसक भैंस ने मचा दिया आतंक, एक बुजुर्ग की मौत
March 10, 2026
महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक रेबीज से ग्रसित भैंस ने आतंक मचाते हुए एक बुजुर्ग की जान ले ली और कई लोगों को घायल कर दिया। जानकारी के मुताबिक, जिले के महल में स्थित गांधी गेट परिसर में रेबीज से ग्रसित भैंस ने हिंसक होकर आतंक मचाना शुरू कर दिया। भैंस को कंट्रोल करने के लिए महानगरपालिका की टीम को मौके पर आना पड़ा लेकिन उन्हें भी उसे काबू में करने में काफी मशक्कत करनी पड़ गई।
महानगरपालिका की टीम द्वारा भैंस को पकड़ने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक भैंस अचानक बेकाबू होकर सड़क पर दौड़ने लगी। जो भी उसके सामने आए वह उसे टक्कर मारती चली गई। सबसे पहले उसकी चपेट में लक्ष्मण राव कुंभारे आए, भैंस की जोरदार टक्कर के कारण वो सर के बल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बेकाबू भैंस ने रास्ते से गुजर रहे दो बाइक सवारों को भी टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।
हिंसक भैंस का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो सोमवार का बताया जा रहा है। भैंस ने इतना आतंक मचाया कि मौके पर एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि पुलिसकर्मी सहित 6 से 7 लोग जख्मी हो गए। भैंस को शांत करने के लिए कांजीहाउस वाले, महानगरपालिका की टीम भैंस के बच्चे को लेकर आई ताकि भैंस उसे देखकर आक्रामकता छोड़ दे। 2 घंटे की मशक्कत के बाद भैंस को पकड़ने में कामयाबी मिल पाई। हालांकि, तब तक भैंस ने 6 से 7 लोगों को बुरे तरीके से घायल कर दिया।
महानगरपालिका के टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद भैंस को पकड़ कर कब्जे में ले लिया। उसे फिलहाल गोरक्षण में रखा गया है। भैंस के आक्रामक होने को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। यह कहा जा रहा है कि भैंस का बच्चा तीन-चार दिनों से लापता हो गया था। इसलिए वह हिंसक हो गई थी और आतंक मचा रही थी। तो ऐसी भी चर्चा है कि भैंस को कुछ दिन पहले एक कुत्ते ने काटा था, जिससे भैंस रेबीज से ग्रसित थी। बता दें कि नागपुर शहर में घूमने वाले मवेशी लोगों के लिए खतरा बन चुके हैं। मवेशी मालिक उन्हें लावारिस छोड़ देते हैं। वह सड़कों पर घूमते रहते है और दुर्घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
