Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः सरकारी जमीन की खुलेआम प्लाटिंग! कुंडा में बेखौफ भूमाफिया का चल रहा है खेल, उजागर


प्रतापगढ़/बाबागंज। कुंडा तहसील में भूमाफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे एंटी भूमाफिया अभियान को ठेंगा दिखाते हुए सरकारी जमीन की ही प्लाटिंग कर मोटी रकम वसूल रहे हैं। महेशगंज थाना क्षेत्र के रायगढ़ ग्राम सभा में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां शिकायत के बाद लेखपाल की जांच में भूमाफिया का पूरा खेल उजागर हो गया।

कुंडा तहसील क्षेत्र में सक्रिय भूमाफिया सरकारी जमीन पर कब्जा कर उसे बेचने का धंधा खुलेआम चला रहे हैं। मामला महेशगंज थाना क्षेत्र की रायगढ़ ग्राम सभा का है, जहां एक भूमाफिया ने लाखों रुपये लेकर सरकारी जमीन को अपना बताकर दूसरे व्यक्ति को बेंच दिया और उस पर अवैध निर्माण कर कब्जा कराने की कोशिश शुरू कर दी।

रायगढ़ (नैदी) गांव का रहने वाला भूमाफिया अपने ही ग्राम सभा में स्थित सरकारी जमीन को मूल रूप से डेरवा बाजार में रहने वाले एक व्यक्ति को बेच दिया। इसके बाद उक्त व्यक्ति द्वारा सरकारी जमीन पर निर्माण करके कब्जा किया जाने लगा।मामले की शिकायत मिलने पर लेखपाल प्रवीण पांडेय मौके पर पहुंचे और निर्माण कर रहे व्यक्ति से जमीन से संबंधित राजस्व अभिलेख मांगे, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में अवैध कब्जाधारी ने खुद को डेरवा बाजार का निवासी बताया और मोबाइल फोन पर भूमाफिया से लेखपाल की बात भी कराई। जब लेखपाल ने भूमाफिया से जमीन के दस्तावेज मांगे तो वह भी मौके पर पहुंचकर कोई राजस्व अभिलेख नहीं दिखा सका। उल्टे उसने अजीबोगरीब तर्क देते हुए कहा कि जब आसपास के लोगों ने भी सरकारी जमीन पर मकान बना लिया है तो वह भी उसी जमीन पर कब्जा करा रहा है।

हालांकि लेखपाल को अपने पक्ष में करने की कोशिश में भूमाफिया नाकाम रहा। लेखपाल प्रवीण पांडेय ने तत्काल अवैध निर्माण कार्य रुकवा दिया और मामले की सूचना पुलिस को दे दी।

लेखपाल प्रवीण पांडेय ने बताया कि फिलहाल अवैध निर्माण को रुकवा दिया गया है। यदि दोबारा निर्माण का प्रयास किया गया तो अवैध कब्जे को ध्वस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। अभी कुछ माह पूर्व ही मामलें में संलिप्त भूमाफिया के खिलाफ डीह बलई ग्राम सभा में कुंडा-डेरवा मार्ग के बगल स्थित सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके निर्माण करने के मामलें में तहसील प्रशासन द्वारा  बुल्डोजर चलवाकर  उसके अवैध कब्जे को ध्वस्त कराया गया था। उसके बाद भी भूमाफिया अपनी हरकतों से बाज नही आ रहा है।

इस संबंध में तहसीलदार कुंडा अलख शुक्ल ने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |