अमेठीः सुनो सरकार! रसोई गैस की किल्लत से मचा हाहाकार
March 10, 2026
अमेठी। इन दिनों रसोई गैस की किल्लत ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सरकार जहां गैस सिलेंडर की कीमत घटाकर 966 रुपये होने की बात कह रही है, वहीं अमेठी में लोगों को सिलेंडर मिलने के लिए हफ्तों इंतजार करना पड़ रहा है। रामगढ़ के रहने वाले सत्येंद्र यादव जैसे सैकड़ों लोग इन दिनों गैस एजेंसी के चक्कर काटने को मजबूर हैं। सत्येंद्र की पर्ची 8 मार्च को ही कट चुकी है, लेकिन आज तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका। उनका कहना है कि जब भी वे एजेंसी पर आते हैं, तो बताया जाता है कि गैस की गाड़ी एक घंटे में आने वाली है। लेकिन बाद में पता चलता है कि गाड़ी आकर चली भी गई और सिलेंडर खत्म हो गए। सत्येंद्र का कहना है कि वे पिछले तीन दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें गैस नहीं मिल पाई है। प्रशासन की ओर से कहा गया था कि गैस की कोई समस्या नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। यह समस्या केवल सत्येंद्र की ही नहीं है। एजेंसी के बाहर लगी लंबी कतारें इस बात का सबूत हैं कि गैस की मांग और आपूर्ति के बीच बड़ी खाई पैदा हो गई है। लोग सुबह 10 बजे से ही लाइन में खड़े हो जाते हैं और दोपहर 2 बजे के बाद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर सपा नेत्री ने प्रदर्शन करते हुए तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार और प्रशासन ने जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
