सतारा जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव में बीजेपी की जीत
March 23, 2026
महाराष्ट्र के सतारा जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। यहां बहुमत न होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की। क्रॉस वोटिंग, हंगामा और मारपीट के बीच हुए इस चुनाव में महायुति के अंदरूनी मतभेदों को उजागर कर दिया है। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) और भाजपा के बीच तनाव सामने आया है। वहीं विपक्ष ने इसे "ऑपरेशन लोटस" बताते हुए लोकतंत्र पर सवाल खड़े किए हैं।
विधानसभा के बजट सत्र में भी आज सतारा जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में महायुति के बीच हुए हंगामे का असर दिखाई पड़ा। शिवसेना, एकनाथ शिंदे गुट के विधायक और मंत्री ने भी विधानसभा की सीढ़ियों पर सतारा जिले के एसपी तुषार दोषी के निलंबन की मांग की। सतारा जिले के गार्डियन मंत्री शंभूराज देसाई ने आरोप लगाया की पुलिस ने मंत्रियों के साथ धक्का-मुक्की और बुरा बर्ताव किया।
आज विधानसभा में भी एकनाथ शिंदे ने इस मुद्दे को उठाया और सतारा जिला परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव के वक्त जो कुछ हंगामा हुआ उस पर कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभागृह में शिवसेना(एकनाथ शिंदे गुट) को पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया।
