बीसलपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों के चतुर्थ एकदिवसीय शिविर के अंतर्गत मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण में ‘महिला सुरक्षा एवं बालिका सशक्तिकरण’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और युवा प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद के विचारों के साथ किया गया। गोष्ठी में वक्ताओं ने महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। महेंद्र पाल ने सरकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला, वहीं डॉ. दरख्शां ने कहा कि प्रत्येक बालिका को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अलका मेहरा ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि स्त्री और पुरुष समाज के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और दोनों के संतुलन से ही समाज का समुचित विकास संभव है। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रप्रभा गंगवार ने किया।
