हाथरस। जिले में घरेलू गैस और ईंधन की आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए रविवार को जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव के नेतृत्व में पूर्ति निरीक्षकों की टीम ने विभिन्न गैस एजेंसियों और फिलिंग स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लापरवाही पाए जाने पर एक गैस एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान तमन्ना गढ़ी स्थित ए०पी० भारत गैस एजेंसी दोपहर 2 बजे बंद पाई गई। मौके पर न तो एजेंसी का गोदाम खुला था और न ही कार्यालय। सूचना पट पर एजेंसी बंद होने का कोई कारण भी अंकित नहीं था। वहां मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि वे गैस रिफिल के लिए परेशान हो रहे हैं। एजेंसी के मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास भी विफल रहा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में मध्य पूर्व के युद्ध से उत्पन्न वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर कंट्रोल रूम स्थापित कर शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। ऐसे में बिना किसी वैध कारण के एजेंसी बंद रखना नियमों के विरुद्ध है। इस घोर लापरवाही पर एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
