मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जनपद मथुरा के वृन्दावन में नवनिर्मित पर्यटन थाना परिसर के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का लोकार्पण किया और परिसर का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पर्यटन थाना देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। थाने में बहुभाषी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे विदेशी पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को सहायता प्राप्त करने में आसानी होगी।
पर्यटन थाना अत्याधुनिक तकनीक, स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम और 24×7 सहायता केंद्र से लैस है। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षा के साथ-साथ मार्गदर्शन और त्वरित सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ब्रज क्षेत्र में पर्यटन और तीर्थाटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
थाने में महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था की गई है। यह पहल ब्रज यात्रा को और अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रशासन के अनुसार वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए इस आधुनिक पर्यटन थाने की स्थापना की गई है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
