Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष नागराजन पर छेड़छाड़-जबरदस्ती का आरोप


बीजेपी के राज्य उपाध्यक्ष करु. नागराजन पर पार्टी की ही महिला पदाधिकारी ने छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं. तमिलनाडु के चेन्नई जिले की महिला विंग की प्रमुख थंगसोबना ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है.

थंगसोबना ने अपने पत्र में 2018 से लेकर अब तक अपने साथ हुई कथित उत्पीड़न की घटनाओं का विस्तार से उल्लेख किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि करु. नागराजन ने उन्हें पार्टी कार्यालय ‘कमलालयम’ में अकेले बुलाया, जहां उन्होंने जबरदस्ती उनका हाथ पकड़कर खींचा और चुंबन लेने की कोशिश की. विरोध करने पर उन्होंने थप्पड़ मारकर खुद को वहां से बाहर निकाला.

महिला पदाधिकारी ने आगे बताया कि साल 2022 में पार्टी के काम के बहाने उन्हें एक सुनसान स्थान पर बुलाया गया, जहां उन्हें कार में बैठाकर कथित तौर पर छेड़छाड़ किया गया. आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उन्हें आपत्तिजनक प्रस्ताव देते हुए कहा कि अगर वे उनकी बात मान लें तो उन्हें महारानी की तरह रखा जाएगा, साथ ही रेप की कोशिश भी की गई.

थंगसोबना ने यह भी दावा किया कि करु. नागराजन ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर उन्होंने उनकी बात नहीं मानी तो उनका राजनीतिक करियर खत्म कर दिया जाएगा और पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद उन्हें कोई न्याय नहीं मिला.

महिला नेता के मुताबिक, उन्होंने इस मामले की शिकायत पूर्व राज्य अध्यक्ष अन्नामलाई और पूर्व संगठन महासचिव केशव विनायकन से भी की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि करु. नागराजन ने उन्हें अपमानित करते हुए कहा कि वे उनके खिलाफ कुछ नहीं कर सकतीं क्योंकि उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं की मदद की है.

फिलहाल, इस पूरे मामले पर करु. नागराजन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. मामला सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और इस पर पार्टी की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |