Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रुद्रपुरः दिशा की बैठक में विधायक शिव अरोरा ने उठाए कई अहम मुद्दे


रुद्रपुर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अब्दुल कलाम सभागार में नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में रुद्रपुर विधानसभा से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

विधायक शिव अरोरा ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन लीकेज और पाइपलाइन बिछाने के बाद टूटी सड़कों की मरम्मत न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने और टूटी पाइपलाइनों को 15 अप्रैल तक ठीक करने को कहा।

बैठक में विधायक अरोरा ने भूरारानी-मटकोटा मार्ग से ओमैक्स रोड को जोड़ने वाले अंडरपास निर्माण कार्य की धीमी गति पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कार्य में देरी के कारण 25 से 30 गांवों के हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की गति बढ़ाकर बरसात से पहले जून माह तक इसे पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को इसका लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा उठाते हुए विधायक अरोरा ने रुद्रपुर स्थित ईएसआई अस्पताल में स्थायी डॉक्टरों की कमी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संविदा चिकित्सकों के माध्यम से उपचार की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, जिससे करीब दो लाख से अधिक मजदूरों को उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से अस्पताल में स्थायी डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग करने की बात कही।

इसके अलावा त्रिशूल चैक से डीडी चैक तक चल रहे चैड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य की धीमी गति पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात से पहले जून माह तक इस कार्य को पूरा किया जाए।

वहीं काशीपुर बाईपास के चैड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द शुरू करने और विद्युत विभाग तथा जल संस्थान द्वारा पानी की लाइनों को शीघ्र शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए, ताकि सड़क निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |